BREAKING

गिरफ्तारी के बाद भी नहीं सुधरा स्टंटबाज, पुलिस की गाड़ी में बैठकर बनाई रील, लिखा- "आज जेल, कल बेल..."

Share:

Durg: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन को ठेंगा दिखाने वाला एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस की नाक के नीचे अपराधी बेखौफ होकर कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं। भिलाई की व्यस्त सड़कों पर खतरनाक बाइक स्टंट करने वाले एक सनकी युवक को जब दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया, तो पुलिस की कस्टडी में सुधरने के बजाय उसका दुस्साहस और बढ़ गया। आरोपी ने पुलिस की गाड़ी में ही बैठे-बैठे अपना एक वीडियो (रील) बना डाला और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

इस बेखौफ आरोपी ने पुलिस वाहन के भीतर से बनाई गई रील को अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया। हैरान करने वाली बात यह है कि इस वीडियो के साथ उसने जो कैप्शन लिखा, उसने सीधे तौर पर पुलिसिया खौफ और कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दे डाली है। आरोपी ने अपनी स्टोरी के कैप्शन में लिखा— “आज जेल, कल बेल, परसों फिर वही खेल”। इस वीडियो के सामने आने के बाद से सोशल मीडिया पर लोग दुर्ग पुलिस की कार्यप्रणाली और उनकी कस्टडी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठा रहे हैं।

यह पूरा मामला भिलाई का है, जहां यह युवक पहले सड़कों पर खतरनाक बाइक स्टंट करके लोगों की जान जोखिम में डाल रहा था। शिकायत के बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे गिरफ्तार तो कर लिया, लेकिन गिरफ्तारी के बाद पुलिस वाहन में आरोपी के हाथ में मोबाइल फोन कैसे रहा और उसने इतनी आसानी से रील कैसे रिकॉर्ड कर ली, इसने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। पुलिस की कस्टडी में अपराधी का ऐसा बेखौफ अंदाज और कानून को 'खेल' समझने वाली यह मानसिकता अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Share: