BREAKING

विकास प्राधिकरण: डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने संभाला नए उपाध्यक्ष का पदभार, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी समारोह में रहे मौजूद

Share:

रायपुर: रायपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) के नवनियुक्त उपाध्यक्ष डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने सोमवार को आरडीए कार्यालय में विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। इस गरिमामय पदभार ग्रहण समारोह में छत्तीसगढ़ के वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मंत्री ओ.पी. चौधरी ने डॉ. शर्मा को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके लंबे अनुभव और प्रशासनिक क्षमता से प्राधिकरण की परियोजनाओं को नई गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

समारोह को संबोधित करते हुए रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष नंद कुमार साहू ने कहा कि डॉ. शर्मा के प्रशासनिक अनुभव, चिकित्सा क्षेत्र में लंबे सेवा काल और सामाजिक सरोकारों का बड़ा लाभ आरडीए को मिलेगा। उन्होंने आरडीए के माध्यम से आम जनता की समस्याओं के त्वरित और समयबद्ध निराकरण के लिए पूरी टीम के साथ मिलकर काम करने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष राम प्रताप सिंह और आरडीए के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) अवनीश शरण सहित कई बड़े अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

पदभार ग्रहण करने के बाद नवनियुक्त उपाध्यक्ष डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के विजन और राज्य शासन की जनकल्याणकारी नीतियों के अनुरूप रायपुर शहर के सुनियोजित विकास और आधुनिक अधोसंरचना के विस्तार को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने सभी हितधारकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और जनहितैषी बनाने की प्रतिबद्धता जताई।

Share: