BREAKING

NH-30 News: बदहाल सड़क देखकर रुका डिप्टी CM का काफिला, अधिकारियों को तत्काल मरम्मत के निर्देश

Share:

कवर्धा। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच NH-30 रायपुर-जबलपुर मार्ग की खराब स्थिति ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। सड़क पर जगह-जगह जलभराव, गड्ढे और क्षतिग्रस्त हिस्सों के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। स्थिति का जायजा लेने के लिए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का काफिला भी मौके पर रुक गया।

उपमुख्यमंत्री ने वाहन से उतरकर सड़क की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जलभराव वाले हिस्सों, जर्जर सड़क और यातायात की स्थिति को देखा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार भी नजर आई, जिसके चलते लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश

मौके पर स्थिति देखने के बाद विजय शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को सड़क की खराब स्थिति में तत्काल सुधार और आवश्यक मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बारिश के कारण प्रभावित हिस्सों पर विशेष ध्यान देने और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा।

लगातार बारिश से बढ़ी परेशानी

पिछले दो दिनों से क्षेत्र में हो रही मूसलाधार बारिश के चलते NH-30 के कई हिस्सों में पानी जमा हो गया है। सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों के साथ जलभराव के कारण वाहन चालकों की परेशानी बढ़ी है। प्रशासन और संबंधित विभाग के सामने अब सड़क की स्थिति सुधारने के साथ बारिश के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती है।

Share: