रायपुर: कोलकाता के विश्व बंगला प्रांगण में 10 से 12 जुलाई तक आयोजित देश के प्रतिष्ठित ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर (टीटीएफ)-2026 में छत्तीसगढ़ पर्यटन ने राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। देश के 21 राज्यों की सहभागिता के बीच छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के आकर्षक, सृजनात्मक एवं प्रभावशाली पवेलियन को “बेस्ट डेकोरेशन ऑफ स्टॉल एंड अपीयरेंस” सम्मान से नवाजा गया है। तीन दिवसीय इस व्यापार मेले में राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय जीवन, प्राकृतिक पर्यटन, धार्मिक धरोहरों और आधुनिक पर्यटन दृष्टिकोण के सफल प्रस्तुतीकरण को यह गौरव प्राप्त हुआ है।
मेले के दौरान छत्तीसगढ़ के पवेलियन में बस्तर की जनजातीय संस्कृति, चित्रकोट एवं तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान और सिरपुर-भोरमदेव जैसी ऐतिहासिक धरोहरों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित किया गया, जो आगंतुकों और निवेशकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। आयोजन में छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, पर्यटन विभाग के सचिव एस भारतीदासन और प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंसियों और होटल समूहों के साथ महत्वपूर्ण बी-टू-बी (B2B) बैठकें कीं। इन बैठकों से राज्य में पर्यटन निवेश, संयुक्त पैकेजों के विकास और नए पर्यटन बाजारों तक पहुंच बनाने के अवसरों को काफी मजबूती मिली है।
मेले के उद्घाटन पर गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन ए. खंवटे, उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज और पश्चिम बंगाल के पर्यटन मंत्री डॉ. शंकर घोष सहित कई विशिष्ट अतिथियों ने छत्तीसगढ़ पवेलियन की सराहना की। छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने इस सफलता का श्रेय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल के कुशल नेतृत्व को दिया है। अधिकारियों ने विश्वास जताया है कि इस राष्ट्रीय सम्मान से छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी पर्यटन गंतव्यों में स्थापित करने के अभियान को नई गति मिलेगी और आने वाले समय में राज्य में पर्यटकों व निवेश की संख्या में भारी बढ़ोतरी होगी।