रायपुर: राजधानी रायपुर के मालवीय रोड स्थित रूपकला साड़ी सेंटर वाली गली में दिगंबर जैन समाज मंदिर भवन मार्ग पर चातुर्मास महोत्सव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस वर्ष चातुर्मास अवधि में देश भर से दिगंबर जैन समाज के पूज्य मुनिगणों का आगमन होने जा रहा है, जिनका शुभागमन 19 जुलाई 2026 को होगा। इस बड़े धार्मिक आयोजन को देखते हुए रायपुर नगर पालिक निगम के सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने अधिकारियों के साथ आज आयोजन स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
दरअसल, दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष संजय नायक ने नगर निगम सभापति से मुलाकात कर एक अनुरोध पत्र सौंपा था, जिसमें चातुर्मास के दौरान मंदिर मार्ग पर सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और बारिश के मौसम को देखते हुए गंदे पानी की सुगम निकासी जैसी मौलिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया था। इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने जोन 4 के अध्यक्ष मुरली शर्मा, जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी और नगर निगम के इंजीनियरों की टीम के साथ संयुक्त रूप से ग्राउंड जीरो पर जाकर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सभापति ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि मुनिगणों के आगमन यानी 19 जुलाई 2026 से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं हर हाल में प्राथमिकता से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने विशेष रूप से बारिश के दिनों में जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए सुगम निकासी व्यवस्था और रात के समय बेहतर प्रकाश के लिए स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने को कहा। सभापति ने अधिकारियों को पूरी चातुर्मास अवधि के दौरान इन व्यवस्थाओं की सतत मॉनिटरिंग (निरंतर निगरानी) करने की हिदायत दी है ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।