BREAKING

जलभराव की समस्या पर नगर निगम का एक्शन, पंडरी में होटल पुनीत के पास नाले से हटाए गए अवैध पाटे

Share:

रायपुर: राजधानी रायपुर के पंडरी क्षेत्र में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की गंभीर समस्या से निपटने के लिए नगर पालिक निगम ने आज एक बड़ी कार्रवाई की है। महापौर मीनल चौबे और निगम आयुक्त संबित मिश्रा के कड़े निर्देशों के बाद, जोन 2 प्रशासन ने होटल पुनीत और उसके आस-पास की दुकानों के सामने नाले पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ ज़ोरदार अभियान चलाया।

अवैध निर्माणों के कारण नाले की सफाई का काम पूरी तरह से ठप हो चुका था, जिससे बारिश का पानी सड़कों पर भरने लगा था। इस समस्या को दूर करने के लिए जोन 2 के कमिश्नर संतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में नगर निवेश विभाग की टीम ग्राउंड ज़ीरो पर उतरी। कार्यपालन अभियंता पी.डी. घृतलहरे और नगर निवेश की उपअभियंता अंजलि बारले की मौजूदगी में, नाले को पाटकर बनाए गए आधा दर्जन से अधिक अवैध पाटों (कंक्रीट स्लैब) को जेसीबी मशीन की सहायता से पूरी तरह से ढहा दिया गया।

नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि गंदे पानी की सुगम निकासी और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए यह कार्रवाई की गई है। नाले को पूरी तरह से कब्जामुक्त कराने और सफाई में आने वाली बाधाओं को दूर करने का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि नाले पर जितने भी अन्य अवैध पाटे और निर्माण बचे हैं, उन्हें भी जल्द से जल्द चिन्हित कर ढहाया जाए।

Share: