BREAKING

CG Flood Relief Operations: बिलासपुर-जांजगीर में जल-प्रलय पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सख्त; राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के कड़े निर्देश

Share:

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और हर जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचाई जाए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री, भोजन, स्वच्छ पेयजल और चिकित्सा सुविधाएं बिना किसी देरी के उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों में जल निकासी की व्यवस्था, क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत और आवश्यक जनसुविधाओं को जल्द बहाल करने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन और सहायता भी तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा और प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय पर राहत पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा जनजीवन को जल्द सामान्य बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Share: