Raipur News: राजधानी रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर मीनल चौबे ने नगर निगम जोन 8, 9 और 10 के विकास कार्यों, जल निकासी, अवैध निर्माण तथा अतिक्रमण संबंधी मुद्दों पर समीक्षा बैठकें लीं। इस दौरान उन्होंने जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के निवारण में देरी और कछुआ छाप गति पर अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि जनहित के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी अधिकारियों तथा कॉलोनाइजरों पर तुरंत वैधानिक कार्रवाई की जाए।
जोन क्रमांक 9 की बैठक में वार्ड पार्षदों ने पाम रिजॉर्ट, एसेड रिजॉर्ट और रॉयल रिजॉर्ट सहित कई अन्य कॉलोनाइजरों द्वारा नालों पर किए गए अवैध निर्माण और अतिक्रमण का मामला प्रमुखता से उठाया। इसके साथ ही रीबाउंस बिल्डिंग के पास आंशिक ध्वस्तीकरण के बाद कार्रवाई रोकने पर महापौर ने कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि कोई भी अवैध निर्माण आधा-अध अधूरा नहीं छोड़ा जा सकता, अधिकारी पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जाँच कर नियमों के तहत तत्काल पूरी तोड़फोड़ की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जोन 10 की समीक्षा के दौरान देवपुरी स्कूल परिसर, वीआईपी चौक स्थित राम मंदिर और महावीर नगर क्षेत्रों में होने वाले जलभराव की समस्या पर विस्तार से चर्चा की गई। महापौर ने काठाडीह स्थित बीएसयूपी कॉलोनी में जलभराव के समाधान हेतु पुलिया निर्माण के लिए तत्काल जियो टैगिंग और तकनीकी सर्वे कराने के निर्देश दिए। वहीं संतोषी नगर के पास नालों में की गई अवैध छेड़छाड़ की जाँच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने तथा दो सप्ताह के भीतर जलभराव के चिन्हित स्थलों का स्थायी समाधान निकालने की समय-सीमा तय की।
महापौर मीनल चौबे ने शहर में अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया को लेकर निर्देशित किया कि नियमपूर्वक तीन नोटिस जारी करने के उपरांत प्राथमिकता के आधार पर मुख्य मार्गों और पार्किंग दबाव वाले क्षेत्रों से अवैध कब्जे हटाए जाएं। बैठकों में जोन 8 के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ठाकुर, जोन 9 के अध्यक्ष गोपेश साहू, एमआईसी सदस्य गायत्री सुनील चंद्राकर, खेम कुमार सेन, डॉ. अनामिका सिंह, गायत्री नौरंगे, जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल, राकेश शर्मा, मोनेश्वर शर्मा तथा कई वार्ड पार्षद व विभागीय इंजीनियर उपस्थित रहे।