BREAKING

Local Election Conference: नवा रायपुर में 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का शुभारंभ, Year Book-2026 का विमोचन

Share:

रायपुर। नवा रायपुर अटल नगर में 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का बुधवार को शुभारंभ हुआ। करीब 11 वर्षों के अंतराल के बाद छत्तीसगढ़ इस राष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। राज्यपाल रमेन डेका ने दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन किया।

राज्यपाल ने किया Local Body Election Year Book-2026 का विमोचन

शुभारंभ समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने ‘Chhattisgarh Local Body Election Year Book–2026’ के प्रथम संस्करण का विमोचन किया। इस पुस्तक में प्रदेश में स्थानीय निकाय निर्वाचन की प्रक्रिया, उपलब्धियों, नवाचारों और चुनावी व्यवस्थाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी को दस्तावेज के रूप में प्रस्तुत किया गया है।

पारदर्शी और तकनीक-सक्षम चुनाव व्यवस्था पर जोर

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने स्थानीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक सशक्त, पारदर्शी, समावेशी और तकनीक-सक्षम बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने में स्थानीय स्वशासी संस्थाओं की अहम भूमिका है। इसके लिए निर्वाचन प्रक्रिया में निरंतर सुधार और आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग जरूरी है।

राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने स्वागत उद्बोधन में देशभर से पहुंचे राज्य निर्वाचन आयुक्तों, वरिष्ठ अधिकारियों और निर्वाचन विशेषज्ञों का स्वागत किया। उन्होंने स्थानीय निकाय चुनावों को अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। मुख्य सचिव विकास शील ने भी स्थानीय स्वशासन, निर्वाचन प्रक्रिया और प्रशासन तथा निर्वाचन संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर विचार रखे।

डिजिटल तकनीक और निर्वाचन नवाचार पर चर्चा

सम्मेलन के पहले दिन डिजिटल तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल, निर्वाचन प्रबंधन में नवाचार, पारदर्शिता और स्थानीय निकाय चुनावों की प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाने जैसे विषयों पर चर्चा शुरू हुई। कार्यक्रम में राज्य निर्वाचन आयुक्तों की स्थायी समिति के अध्यक्ष विजय देव ने भी विचार रखे, जबकि स्थायी समिति के संयोजक सुधांशु पांडे ने अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोग की सचिव शिखा राजपूत तिवारी सहित वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

17 सितंबर को स्थायी समिति की बैठक

दो दिवसीय सम्मेलन के दूसरे दिन 17 सितंबर को छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय, नवा रायपुर अटल नगर में स्थायी समिति की बैठक होगी। इसके बाद नया रायपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी की ओर से कैपिटल सिटी के निर्माण और विकास पर प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा। सम्मेलन में शामिल अतिथियों को नवा रायपुर के प्रमुख स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा। इसमें छत्तीसगढ़ विधानसभा, छत्तीसगढ़ आदिवासी संग्रहालय और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का दौरा शामिल है।

Share: