Raipur News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की परिकल्पना "हरियर छत्तीसगढ़" और "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान को नई गति देते हुए वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप की विशेष पहल पर रायपुर शहर के सभी 70 वार्डों में 'नेचर्स ए.टी.एम.' (Nature's ATM) के माध्यम से निःशुल्क पौधा वितरण अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभिनव पहल का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देना तथा प्रत्येक नागरिक को पौधा लगाने के लिए प्रेरित करना है।
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने नया रायपुर स्थित अपने शासकीय निवास से 'नेचर्स ए.टी.एम.' वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रायपुर वनमंडल द्वारा प्रारंभ किए गए इस चलित पौधा वितरण वाहन के माध्यम से शहर के सभी 70 वार्डों में पहुँचकर नागरिकों को उनकी पसंद के फलदार, छायादार और अधिक ऑक्सीजन देने वाले पौधे निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। इस पहल का संचालन प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख अरुण कुमार पांडे के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
'नेचर्स ए.टी.एम.' के माध्यम से वितरित किए जाने वाले पौधों का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक पौधे के संरक्षण और उसके प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का भाव विकसित करना भी है। इस अभियान से शहर के लोगों को अपने घरों और आसपास के परिसरों में आसानी से पौधे लगाने का अवसर मिलेगा, जिससे रायपुर शहर के हरित आवरण में अभूतपूर्व बढ़ोतरी दर्ज होगी।
इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि पेड़-पौधे हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे अमूल्य धरोहर हैं। माँ के सम्मान में लगाया गया एक पौधा मातृभक्ति के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण का भी सशक्त प्रतीक है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे इस गाड़ी से निःशुल्क पौधे प्राप्त कर "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान से जुड़ें। कार्यक्रम में वन विभाग एवं रायपुर वनमंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।