BREAKING

Raipur News: गोलबाजार और कालीबाड़ी चौक मार्ग पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई, 50,500 रुपये का ई-चालान वसूला

Share:

रायपुर। राजधानी में सड़क मार्गों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए चलाए जा रहे टीम प्रहरी अभियान के तहत नगर निगम और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने गोलबाजार मुख्य मार्ग सहित सिटी कोतवाली चौक से कालीबाड़ी चौक तक कार्रवाई की। दुकानदारों द्वारा सड़क पर किए गए कब्जों को लेकर उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर ई-चालान की कार्रवाई की गई।

रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेश तथा नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। नगर निगम की नगर निवेश टीम और यातायात पुलिस ने गोलबाजार मुख्य मार्ग के दोनों ओर दुकानदारों को सड़क पर सामान नहीं रखने की समझाइश दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दोबारा सड़क पर कब्जा करने पर सामान जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान गोलबाजार मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों से 29 हजार रुपये तथा सिटी कोतवाली चौक से कालीबाड़ी चौक तक सड़क पर कब्जा करने वालों से 21 हजार 500 रुपये, कुल 50 हजार 500 रुपये का ई-चालान वसूला गया। अधिकारियों ने दुकानदारों को भविष्य में सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने की सख्त चेतावनी दी।

लगातार जारी रहेगा अतिक्रमण विरोधी अभियान

टीम प्रहरी अभियान के तहत शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों और सड़कों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम के अनुसार अभियान का उद्देश्य मुख्य मार्गों को अतिक्रमण से मुक्त कर यातायात को सुगम और व्यवस्थित बनाना है। कार्रवाई से आम नागरिकों और राहगीरों को जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

Share: