रायपुर। शहर की प्रमुख सड़कों पर आवारा मवेशियों की आवाजाही से होने वाली परेशानी को कम करने के लिए नगर निगम ने धरपकड़ अभियान चलाया। रायपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-8 क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने काऊ कैचर वाहन की मदद से सड़कों पर घूम रहे बैल और गायों को पकड़ा। पकड़े गए मवेशियों को सुरक्षित तरीके से गौधाम पहुंचाया गया।
इन प्रमुख मार्गों पर चलाया गया अभियान
जोन-8 की जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान के तहत एम्स अस्पताल टाटीबंध के सामने स्थित जी.ई. रोड, कबीर नगर मुख्य मार्ग, कोटा मार्ग और भारत माता चौक से गुढ़ियारी मार्ग तक कार्रवाई की गई। इन सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशियों को काऊ कैचर वाहन की सहायता से पकड़ा गया।
बैलों को जरवाय और गायों को अटारी गौधाम भेजा
नगर निगम की टीम ने पकड़े गए बैलों को जरवाय गौधाम और गायों को अटारी गौधाम में सुरक्षित पहुंचाकर छोड़ा। इस कार्रवाई का उद्देश्य प्रमुख सड़कों पर आवारा मवेशियों की मौजूदगी से यातायात में होने वाली परेशानी को कम करना और सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाना है।