BREAKING

बिरगांव में जश्ने ईदमिलादुन्नबी पर गूंजा अमन, प्रेम और भाईचारे का संदेश-इकराम

Share:

बिरगांव। पैगंबर हजरत मोहम्मद ﷺ के 1501वें जश्ने ईदमिलादुन्नबी के अवसर पर बिरगांव में मुस्लिम समाज की ओर से धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान शहर में अमन, प्रेम, आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया गया। परंपरा के अनुसार विभिन्न कार्यक्रमों के साथ जश्ने ईदमिलादुन्नबी का जुलूस भी निकाला गया।

इत्तेहाद कमेटी की ओर से गली-मोहल्लों को आकर्षक ढंग से सजाने वाले बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए सम्मानित किया गया। कमेटी के सदस्यों की मौजूदगी में सदर आलमगीर जौहरी ने चयनित बच्चों को मोमेंटो प्रदान किए। इसके बाद जौहरे आजम चौक पर झंडा फहराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए।

झंडा फहराने के बाद हजारों लोगों की मौजूदगी में जश्ने ईदमिलादुन्नबी का जुलूस निकाला गया। जुलूस जौहरे आजम चौक से शुरू होकर व्यास तालाब चौक, बुधवारी, नगर निगम कार्यालय और बॉम्बे बेकरी होते हुए गौसुल आजम जामा मस्जिद पहुंचा। पूरे मार्ग में नात, नारों और दरूद-ओ-सलाम की सदाओं से वातावरण गूंजता रहा। कार्यक्रम के समापन से पहले देश में अमन-शांति, खुशहाली और आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआ की गई। निगम एमआईसी सदस्य इकराम अहमद ने आयोजन को सामाजिक एकता और सद्भाव का संदेश देने वाला बताया।

Share: