सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नगर के रायगढ़ रोड स्थित कुशल नगर के पास तेज रफ्तार माजदा वाहन ने श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक श्रद्धालु घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, पिकअप में 25 से अधिक लोग सवार थे। सभी श्रद्धालु महासमुंद जिले के बागबाहरा क्षेत्र के पटेरापाली, गाड़ाघाट और आसपास के इलाकों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। श्रद्धालु चंद्रपुर स्थित मां चंद्रहासिनी देवी के दर्शन कर वापस लौट रहे थे, इसी दौरान कुशल नगर के पास उनकी पिकअप माजदा वाहन की चपेट में आ गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।