BREAKING

Sports Infrastructure: जशपुर में बनेगा आधुनिक फुटबॉल स्टेडियम, 5.49 करोड़ रुपये की मिली मंजूरी

Share:

जशपुर। जिले में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिला मुख्यालय जशपुर में आधुनिक फुटबॉल स्टेडियम के निर्माण के लिए छत्तीसगढ़ शासन ने 5 करोड़ 49 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इस परियोजना से जिले की खेल अधोसंरचना को मजबूती मिलने के साथ स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरूण साव के मार्गदर्शन में विभाग ने स्टेडियम निर्माण को मंजूरी दी है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित स्टेडियम में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और अभ्यास के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को जिला स्तर से आगे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिल सकेगा।

जशपुर में फुटबॉल के प्रति युवाओं और खिलाड़ियों की विशेष रुचि को देखते हुए यह स्टेडियम खेल गतिविधियों के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यहां नियमित प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और विभिन्न खेल आयोजनों के लिए बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री द्वारा जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खेल सुविधाओं के विस्तार पर लगातार जोर दिया जा रहा है। स्टेडियम निर्माण की स्वीकृति इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share: