रायपुर। टिकरापारा थाना क्षेत्र के कमल विहार सेक्टर-4 स्थित शिवाजी रेजिडेंसी में छत्तीसगढ़ पुलिस के “साइबर जागृति अभियान” के तहत साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अपार्टमेंट में रहने वाले नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करना रहा।
फर्जी लिंक और संदिग्ध कॉल से सावधान रहने की अपील
टिकरापारा थाना प्रभारी राजेश मरई के निर्देश पर वरिष्ठ आरक्षक भारतेंद्र साहू और आरक्षक जितेंद्र सिन्हा ने रहवासियों को साइबर अपराध से बचाव के महत्वपूर्ण तरीके बताए। पुलिस टीम ने फर्जी लिंक, संदिग्ध फोन कॉल, नकली वेबसाइट, ओटीपी फ्रॉड, डिजिटल ठगी और सोशल मीडिया के जरिए होने वाले साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी।
पुलिस ने नागरिकों को समझाइश दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम या डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंक डिटेल और पासवर्ड साझा न करें। इसके साथ ही संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने और ऑनलाइन लेन-देन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई।
साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें शिकायत
कार्यक्रम में बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर अपराध या ऑनलाइन वित्तीय ठगी का शिकार होता है तो बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। समय पर शिकायत करने से ठगी की राशि को रोकने और मामले में कार्रवाई की संभावना बढ़ सकती है।
करीब 100 रहवासियों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम में अपार्टमेंट अध्यक्ष आनंद राव के साथ बासुदेव यादव, मोहन नामदेव और गौरव सिंह सहित करीब 100 अपार्टमेंट निवासी मौजूद रहे। रहवासियों ने साइबर सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की सराहना की और कहा कि डिजिटल लेन-देन के बढ़ते दौर में इस तरह के कार्यक्रम आम लोगों के लिए बेहद उपयोगी हैं।
पुलिस टीम ने नागरिकों से “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर अपराध से बचें” का संदेश अपनाने की अपील की। साथ ही सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को अपनी दैनिक आदतों में शामिल करने के लिए प्रेरित किया।