रायपुर। कबीरधाम जिले के ग्राम महाराजपुर से अपने बेटे की दुर्घटना मृत्यु की मुआवजा राशि लेने रायपुर आई महिला के साथ चोरी की घटना हो गई। न्यायालय परिसर स्थित पीएनबी बैंक से 1.60 लाख रुपये निकालने के बाद महिला अपने पति के साथ ऑटो रिक्शा से रवाना हुई थी। रास्ते में उसके पर्स से पूरी रकम गायब हो गई।
बैंक से रकम निकालकर ऑटो से निकली थी महिला
जानकारी के अनुसार, महिला अपने बेटे की दुर्घटना में हुई मौत के बाद मिलने वाली मुआवजा राशि लेने रायपुर आई थी। न्यायालय परिसर स्थित बैंक से रकम निकालने के बाद वह अपने पति के साथ ऑटो रिक्शा में बैठकर रवाना हुई।
दोनों फाफाडीह चौक पहुंचे, जहां उन्होंने ऑटो बदलकर भनपुरी चौक जाने के लिए दूसरा ऑटो लिया। इसी दौरान महिला का पर्स उसके पास था।
भनपुरी पहुंचने पर पर्स से गायब मिली रकम
भनपुरी चौक पहुंचने के बाद महिला ने जब अपना पर्स देखा तो उसमें रखे 1 लाख 60 हजार रुपये गायब मिले। इसके बाद महिला ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(बी) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब घटना के संबंध में जांच कर रही है और ऑटो में रकम चोरी करने वाले आरोपी का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।