BREAKING

Karam Puja Parab 2026: सीएम विष्णु देव साय ने की करम राजा की पूजा-अर्चना, रायपुर के गनोद गांव में उरांव समाज के लिए 50 लाख से सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा

Share:

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर स्थित अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम परिसर में उरांव (सरना) आदिवासी विकास संघ द्वारा आयोजित करम पूजा परब 2026 में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने करम राजा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।

प्रकृति और संस्कृति का जीवंत प्रतीक है करम परब

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि करम परब हमारी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और पूर्वजों की अमूल्य धरोहर है। यह पर्व प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, प्रेम और सम्मान की भावना को अभिव्यक्त करता है। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीवन जीने की जो परंपरा विकसित की है, वह आधुनिक समाज के लिए भी एक बड़ा संदेश है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, लोकगीतों और परंपराओं से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम हैं।

गनोद गांव में 50 लाख की लागत से बनेगा सामुदायिक भवन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उरांव समाज की मांग पर रायपुर जिले के गनोद गांव में 50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन के निर्माण की बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस भवन के बन जाने से समाज के लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियों के आयोजन के लिए एक बेहतरीन सुविधा मिलेगी।

इस अवसर पर अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के पदाधिकारी, उरांव (सरना) आदिवासी विकास संघ के प्रमुख बिन्देश्वर भगत, समाज के वरिष्ठजन और बड़ी संख्या में स्वजन उपस्थित रहे।

Share: