BREAKING

पुलिस का 'ऑपरेशन निश्चय': खरोरा में भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ पिता-पुत्र समेत 4 तस्कर गिरफ्तार, बाइक भी जब्त

Share:

Raipur News: रायपुर ग्रामीण पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे 'ऑपरेशन निश्चय' के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के कड़े दिशा-निर्देशों और एडिशनल एसपी प्रशांत शुक्ला (ग्रामीण) के मार्गदर्शन में खरोरा थाना पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि खरोरा, भैंसा और अमसेना क्षेत्र में अवैध शराब की बड़ी खेप खपाने की तैयारी है। इस पर विधानसभा अनुविभागीय अधिकारी (SDOP) वीरेंद्र चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में खरोरा थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अलग-अलग ठिकानों पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।


इस कार्रवाई में सबसे बड़ी सफलता ग्राम कोड़ापार में मिली, जहां अवैध शराब की तस्करी कर रहे एक पिता-पुत्र की जोड़ी को रंगे हाथों दबोचा गया। आरोपी गवाही लाल ओगरे (50 वर्ष) और उसके बेटे राका ओगरे (27 वर्ष) के कब्जे से एक गुटखा बैग के भीतर छुपाकर रखी गई 254 पौवा देशी मदिरा मसाला शराब (करीब 45 लीटर) बरामद की गई। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल हो रही होंडा शाइन मोटरसाइकिल (CG 04 PG 8570) को भी जब्त किया गया है।

इसी तरह पुलिस ने दो अन्य जगहों पर कार्रवाई करते हुए देवार पारा खरोरा के रहने वाले आरोपी हितेन्द्र यादव उर्फ छोटू यादव (24 वर्ष) को 47 पौवा अवैध शराब के साथ और भेजरीडीह निवासी सुल्तान गेंडरे (32 वर्ष) को 45 पौवा अवैध देशी शराब के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

खरोरा पुलिस ने चारों आरोपियों के पास से कुल 346 पौवा अवैध देशी मसाला शराब (कुल मात्रा लगभग 62 लीटर) और एक बाइक जब्त की है, जिसकी कुल कीमत करीब 94,600 रुपये है। शराब रखने और परिवहन के संबंध में जब आरोपियों से दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सके। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

Share:

Popular News