छत्तीसगढ़ में आम नागरिकों को किफायती दरों पर आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की वन टाइम सेटलमेंट योजना-2 (OTS-2) को शानदार सफलता मिल रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व एवं आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में चल रही इस योजना के तहत अब तक 62.5 प्रतिशत संपत्तियों का विक्रय किया जा चुका है। योजना के माध्यम से कुल 251.71 करोड़ रुपये मूल्य की 1,659 संपत्तियां बिक चुकी हैं।
पूर्ववर्ती योजना की तुलना में बेहतर प्रदर्शन
OTS-2 योजना के तहत कुल 2,656 संपत्तियां शामिल की गई थीं, जिनमें से अब केवल 997 संपत्तियां ही शेष बची हैं, जिनका मूल्य 134.40 करोड़ रुपये है। इससे पहले सितंबर 2021 से मार्च 2024 तक चली पुरानी OTS योजना में विक्रय का प्रतिशत मात्र 17.27 था, जबकि वर्तमान OTS-2 योजना में यह बढ़कर 62.5% पहुंच गया है।
मंडल आयुक्त ने की समीक्षा, चलेंगे 'आवास रथ'
हाल ही में मंडल आयुक्त अवनीश कुमार शरण ने योजना की विस्तृत समीक्षा करते हुए शेष बचे आवासों में लिफ्ट, मरम्मत और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता से दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और लोगों को संपत्तियों का प्रत्यक्ष अवलोकन कराने के लिए रायपुर, नवा रायपुर और दुर्ग में 'आवास रथ' चलाए जाने की घोषणा की गई है।
इच्छुक नागरिक मार्च 2027 तक इस योजना के तहत 10 से 30 प्रतिशत तक की विशेष छूट का लाभ उठाकर अपनी पसंद की संपत्ति खरीद सकते हैं।