धमतरी : चक्रवात का भय, किसान-मजदूर फसल बचाने खेतों में डटे
धमतरी, 27 अक्टूबर । बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रही चक्रवाती तूफान के अलर्ट के बाद जिले के किसानों की चिंता बढ़ गई है। तैयार धान फसल बचाने किसान व मजदूर सुबह से देर शाम तक खेतों में जुटे रहे। आसमान ताकते रहे, लेकिन मौसम सामान्य रहा, इससे थोड़ी राहत ली है, क्योंकि अलर्ट के अनुसार अब फसल बचाने किसानों के पास समय नहीं है, ऐसे में किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों की धड़कनें अब तेज हो गई है।
जारी निर्देश के अनुसार 27 से 30 अक्टूबर तक जिले में वर्षा की आशंका व्यक्त की गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त पूर्वानुमान के अनुसार बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रही चक्रवात की अलर्ट ने जिलेभर के किसानों की धड़कनें तेज कर दी है।
सोमवार से आंधी-तूफान और 28 से बारिश की आशंका को देखते हुए क्षेत्र के ग्राम रूद्री, मुड़पार, अछोटा, लोहरसी, मुजगहन, रत्नाबांधा, सोरम, भटगांव, कोलियारी, अछोटा, भानपुरी, खपरी समेत अन्य गांवों के किसान व मजदूर 26 अक्टूबर की सुबह से देर शाम तक खुले आसमान के नीचे खेतों में तैयार धान फसल को सुरक्षित करते नजर आए।
श्यामतराई के पास खेतों में कटाई के बाद रखे धान के करपा को बीड़ा बंधाकर तत्काल खेतों में सुरक्षित रखने में महिला मजदूर व किसान जुटे रहे। ग्राम मुड़पार के पास तो खलिहान नहीं मिलने पर किसान अपने फसल को सुरक्षित रखने के लिए सड़क के बीचोबीच थ्रेसर से मिंजाई करा रहे थे। ताकि धान देर शाम तक सुरक्षित हो सके । जिलेभर के गांवों में किसान व मजदूर धान फसल को सुरक्षित करते हुए नजर आए। अलर्ट के बाद किसान व मजदूर बार-बार आसमान की ओर ताक रहे थे, लेकिन देर शाम तक मौसम अन्य दिनों की तरह सामान्य रहा।
मौसम विभाग से जारी अनुमान के अनुसार 25 अक्टूबर को प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ धमतरी में भी भारी वर्षा का अनुमान था। वहीं 26 अक्टूबर को दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव, कांकेर, कोंडागांव, बिलासपुर, बेमेतरा, बस्तर सहित विभिन्न जिलों में अधिक वर्षा की संभावना जताया गया था, लेकिन धमतरी में मौसम अन्य दिनों की तरह सामान्य रहा, इससे किसानों और लोगों ने राहत की सांस ली है।
जिला प्रशासन से जारी अलर्ट के अनुसार आज से 29 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने का अनुमान है। इसे देखते हुए किसानों को फसलों की सुरक्षा, खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी और पशुओं को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। धमतरी जिले में भी बारिश के आसार है। ऐसे में सावधानी ही सुरक्षा है। कई गांवों में सोमवार को शाम मुनादी कराकर किसानों को खड़ी धान फसल नहीं काटने सजग किया गया है, ताकि बारिश होने पर अधिक नुकसान न हो।