जांजगीर-चांपा (वीएनएस)। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के अंतर्गत कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर के मार्गदर्शन में चार दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न चार्ज क्षेत्रों के चार्ज अधिकारियों, अतिरिक्त चार्ज अधिकारियों, जनगणना लिपिकों एवं तकनीकी सहायकों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण दो बैचों में आयोजित किया गया, जिसमें प्रत्येक बैच को दो दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षक एवं नोडल अधिकारी कैलाश पंडा एवं विशाल दीक्षित द्वारा जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका एवं दायित्वों तथा जनगणना संबंधी तकनीकी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षकों द्वारा सीएमएमएस पोर्टल, ईबी क्रिएटर, पीई मोबाइल ऐप एवं स्व-गणना की प्रक्रिया का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसके अतिरिक्त गणना ब्लॉकों के सीमांकन, डिजिटल डेटा संकलन, जनगणना प्रश्नावली तथा जनगणना कार्य में डेटा की शुद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।