BREAKING

डॉक्टर के घर एक करोड़ की चोरी: 9 गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

Share:

भिलाई (वीएनएस)। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में महिला डॉक्टर के सूने मकान से करीब एक करोड़ रुपये की नकदी और कीमती आभूषण चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का दुर्ग पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ अब भी फरार है। पुलिस ने 47.64 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, चोरी की रकम से खरीदी गई एक्सयूवी कार और सुपर स्प्लेंडर बाइक सहित करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, सुंदर नगर निवासी डॉक्टर नमिता मित्तल 17 अक्टूबर को परिवार के साथ घर में ताला लगाकर बाहर गई थीं। 23 अक्टूबर की सुबह लौटने पर उन्हें अलमारी में रखी नकदी और सोने-चांदी व डायमंड के आभूषण गायब मिले। शिकायत पर वैशाली नगर थाने में अपराध दर्ज कर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।

भिलाई से महाराष्ट्र और उत्तरप्रदेश तक तलाश
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को राहुल बंसोड़ और उसके साथियों पर संदेह हुआ। आरोपियों की तलाश में टीमों ने महाराष्ट्र के गोंदिया और नागपुर के बाद उत्तरप्रदेश के मिर्जापुर, प्रयागराज और भदोही में दबिश दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहे थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए गंगा नदी पार करने को नाव का इस्तेमाल कर रहे थे।

जांच के दौरान आरोपी प्रदीप कुमार चौधरी को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर घर के कमरे के फर्श के नीचे गड्ढा खोदकर छिपाई गई नकदी और सोने के आभूषण बरामद हुए। पूछताछ में चोरी के आभूषण भदोही के वैष्णवी ज्वेलर्स के संचालक सोनू जायसवाल को बेचने की जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, ज्वेलर्स ने कुछ आभूषण भट्टी में गलाकर उनका स्वरूप बदल दिया था।

चोरी की रकम से खरीदे वाहन, घरेलू कामों में भी खर्च
पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी की रकम से प्रदीप ने घर में बोरिंग, मरम्मत और मोटर पंप लगवाने के साथ सुपर स्प्लेंडर बाइक खरीदी। वहीं, मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ ने चोरी की रकम से दिल्ली में सेकंड हैंड एक्सयूवी खरीदी थी। पुलिस के अनुसार, वह इसी वाहन से भिलाई लौटा, लेकिन घेराबंदी की भनक लगने पर सुपेला चौक के आसपास कार छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस का कहना है कि राहुल ने चोरी की नकदी और आभूषण अपने माता-पिता तथा भाई के पास छिपाकर रखे थे। बाद में उसने भाई आयुष बंसोड़ और परिचितों के जरिए इनोवा वाहन की व्यवस्था कर चोरी का माल दूसरी जगह पहुंचाने की योजना बनाई। पुलिस ने संभावित रास्तों पर घेराबंदी कर रात करीब तीन बजे इनोवा में जा रहे आरोपियों को रोक लिया। उनके कब्जे से नकदी, आभूषण और वाहन बरामद किए गए।

नौ आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपियों में प्रदीप कुमार चौधरी, सुजीत सिंह, सोनू जायसवाल, रविन्द्र बंसोड़, किरण बंसोड़, आयुष बंसोड़, रेखचंद्र देवांगन, आकाश कुमार श्रीपाद और अमन सिंह शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की भूमिका चोरी का माल छिपाने, आभूषण खरीदने और गलाने, रकम के इस्तेमाल तथा फरार आरोपी को वाहन और अन्य सहायता उपलब्ध कराने से जुड़ी है।

बरामदगी में 47 लाख 64 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और चांदी के बिस्किट, एक्सयूवी कार, सुपर स्प्लेंडर बाइक, इनोवा वाहन, दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू, डीवीआर, लैपटॉप, टैबलेट, पेटीएम मशीन, पावर बैंक और सात मोबाइल फोन शामिल हैं। पुलिस ने जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई है।

मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ की गिरफ्तारी और चोरी की शेष संपत्ति की बरामदगी के लिए पुलिस की टीमें प्रयास कर रही हैं। पुलिस ने नागरिकों से घर लंबे समय तक सूना छोड़ने से पहले स्थानीय थाने को सूचना देने, कीमती आभूषण बैंक लॉकर में रखने और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी डायल 112 पर देने की अपील की है।

Share:

Popular News