नगरी/धमतरी। धमतरी जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ पुलिस ने एक साथ तीन थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। मगरलोड, अर्जुनी और भखारा पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 52 पत्ती ताश से काटपत्ती जुआ खेलते आरोपियों को पकड़ा। पुलिस ने नगदी, तीन मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन सहित कुल 97,320 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर तीनों थाना क्षेत्रों की पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी।
थाना मगरलोड पुलिस ने ग्राम सौंगा में नए तालाब के नीचे तिराहे पर जुआ खेलते चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें फागराम साहू (43), भलेश्वर साहू (28), खेमचंद साहू (32) और विकास निषाद (24) शामिल हैं। सभी ग्राम सौंगा के निवासी हैं।
पुलिस ने इनके कब्जे से 52 पत्ती ताश, 4,200 रुपये नगद, तीन मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन जब्त किए। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 93,200 रुपये बताया गया है।
थाना अर्जुनी पुलिस ने ग्राम पुरी के बाजार चौक में दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर कार्रवाई की। पहली कार्रवाई में राजेन्द्र देवांगन (36), पूनम नेताम (20) और पुनानंद निर्मलकर (30) को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 52 पत्ती ताश और 680 रुपये नगद जब्त किए गए।
दूसरी कार्रवाई में मधुशंकर निर्मलकर (32), कामता लाल ध्रुव (40) और सागर नेताम (25) को पकड़ा गया। इनके पास से 52 पत्ती ताश और 580 रुपये नगद बरामद किए गए। सभी छह आरोपी ग्राम पुरी के निवासी बताए गए हैं।
थाना भखारा पुलिस ने ग्राम कोलियारी के महावीर चौक पर सार्वजनिक स्थान में जुआ खेलते पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें नरसिंग साहू (32), महेन्द्र साहू (32), छम्मन साहू (42), पवन नागरची (33) और संदीप साहू (32) शामिल हैं। सभी ग्राम कोलियारी के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 52 पत्ती ताश और 2,860 रुपये नगद जब्त किए।
पुलिस के अनुसार, तीनों थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई में कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहने और ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।