BREAKING

'भारत भाग्य विधाता' फिल्म की प्री-लॉन्च स्क्रीनिंग: रायपुर पहुंचे सीएम साय और कंगना रनौत, 26/11 के अनसुने वॉरियर्स का हुआ सम्मान

Share:

Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के जोरा मॉल में फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की भव्य प्री-लॉन्च स्क्रीनिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस गौरवशाली कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय और परिजनों के साथ विशेष रूप से शामिल हुए। इस अवसर पर फिल्म की मुख्य अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत तथा फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

यह फिल्म 26/11 के मुंबई आतंकी हमले के दौरान अपनी जान की परवाह किए बिना सैकड़ों निर्दोष लोगों की जान बचाने वाले डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों के अदम्य साहस और सेवा की अनकही कहानी को पर्दे पर जीवंत करती है।

स्वास्थ्यकर्मियों के साहस और समर्पण की कहानी: सीएम साय

स्क्रीनिंग के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फिल्म की पूरी टीम और कलाकारों की सराहना करते हुए इसे देश के अनसुने नायकों को एक सच्ची श्रद्धांजलि बताया:

छत्तीसगढ़ का गौरव: मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रदेश के लिए सौभाग्य की बात है कि फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया छत्तीसगढ़ की माटी के सपूत हैं, जिन्होंने मुंबई में रहकर इस संवेदनशील और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत विषय पर अद्भुत कहानी लिखी।

पीएम मोदी ने दिया नाम: मुख्यमंत्री साय ने खुलासा किया कि यह अत्यंत गौरव का विषय है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं इस फिल्म को ‘भारत भाग्य विधाता’ नाम प्रदान किया है।

कंगना रनौत का स्वागत: माता कौशल्या की जन्मभूमि और भगवान श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में अभिनेत्री कंगना रनौत का स्वागत करते हुए सीएम ने कहा कि उन्होंने खुद नर्स की भूमिका निभाकर इन गुमनाम कोरोना और आतंकी हमले के योद्धाओं के दर्द व साहस को देश के सामने लाने का बड़ा काम किया है।

'भारत भाग्य विधाता वॉरियर्स' का हुआ सम्मान

कार्यक्रम के सबसे भावुक और गौरवपूर्ण क्षणों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ में आपातकालीन और संकटकालीन परिस्थितियों में उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय सेवाएं प्रदान करने वाले ‘भारत भाग्य विधाता वॉरियर्स’ (स्वास्थ्यकर्मियों) को मंच पर सम्मानित किया।

सम्मानित होने वाले प्रमुख नाम: जागेश्वर कुमार धीवर, नारायण सिंह नायक, भुनेश्वरी तिवारी, रोहिणी वर्मा, उर्मिला भगत, रोशनी, विजय शंकर कश्यप, मीना सिंह, ममता कपूर, मीना शर्मा, जमुनाबाई, लक्ष्मी मेनन और विजया लक्ष्मी पिल्लई।

छत्तीसगढ़ के बेटे की जिद पर रायपुर में हुई पहली स्क्रीनिंग

इस मौके पर सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निर्देशक मनोज तापड़िया छत्तीसगढ़ के बेटे हैं और उनकी दिली इच्छा थी कि इस फिल्म की पहली झलक उनके गृह राज्य के लोग देखें। व्यस्ततम शेड्यूल के बावजूद मुख्यमंत्री ने इस कार्यक्रम में आकर कलाकारों का मान बढ़ाया।

इस हाई-प्रोफाइल स्क्रीनिंग सेरेमनी के दौरान छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सांसद लक्ष्मी वर्मा, सांसद रूप कुमारी चौधरी, कई विधायक, जनप्रतिनिधि, फिल्म समीक्षक और मीडिया जगत के दिग्गज उपस्थित रहे।

Share: