BREAKING

महक नरवासे को मिली भारतीय टीम की उपकप्तानी, डॉ. रमन सिंह ने दी 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि

Share:

CG News- छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाएं आज न सिर्फ राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी सफलता का परचम लहरा रही हैं। इसी कड़ी में प्रदेश की एक और होनहार बेटी ने खेल जगत में राज्य का नाम पूरे देश में रोशन किया है। राजनांदगांव जिले की उभरती हुई और बेहद प्रतिभाशाली महिला क्रिकेटर महक नरवासे को भारतीय अंडर-19 (U-19) महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान (वाइस कैप्टन) नियुक्त किया गया है। महक की इस ऐतिहासिक और स्वर्णिम उपलब्धि से पूरे छत्तीसगढ़ के खेल प्रेमियों और प्रदेशवासियों में जबरदस्त उत्साह और गर्व का माहौल है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के विशेष ट्रेनिंग कैंप से वापस लौटने के बाद महक नरवासे ने अपने माता-पिता के साथ रायपुर स्थित विधानसभा पहुंचे। यहाँ उन्होंने छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से सौजन्य मुलाकात की। इस गौरवपूर्ण अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने महक का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने महक को पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। डॉ. रमन सिंह ने महक के इस शानदार सफर की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य और आगामी अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए अपनी ढेर सारी शुभकामनाएं दीं।

खिलाड़ी के हौसले और उनकी खेल तैयारियों को और मजबूत करने के उद्देश्य से विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने महक नरवासे को राज्य सरकार और अपनी ओर से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता (प्रोत्साहन) राशि का चेक भी प्रदान किया। उन्होंने कहा कि महक की यह सफलता छत्तीसगढ़ की अन्य बेटियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बनेगी और इससे राज्य में महिला क्रिकेट को एक नया आयाम मिलेगा। छोटे शहर से निकलकर भारतीय टीम की उपकप्तानी तक का सफर तय करने वाली महक ने अपनी इस कामयाबी का श्रेय अपनी कड़ी मेहनत, कोच के मार्गदर्शन और माता-पिता के अटूट सहयोग को दिया है।

Share:

Popular News