बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सांस्कृतिक और ऐतिहासिक इतिहास में आज का दिन एक बड़े एवं गौरवशाली पल के रूप में दर्ज हो गया, जब छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह अपने एक दिवसीय प्रवास पर भाटापारा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शहर को एक बड़ी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक सौगात देते हुए 'छत्तीसगढ़ महतारी' और देश के वीर सपूत 'शहीद श्रीकृष्ण गजानन खोण्डे' की भव्य प्रतिमाओं का अनावरण किया। देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीद को नमन करते हुए डॉ. रमन सिंह ने कहा कि वीर श्रीकृष्ण गजानन खोण्डे की यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों और युवाओं के लिए राष्ट्रसेवा तथा देशभक्ति की सबसे बड़ी प्रेरणा बनेगी। देश उनके इस सर्वाेच्च बलिदान को कभी नहीं भूल सकता।
इस गरिमामय और ऐतिहासिक समारोह में राज्य के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान एक बेहद संवेदनशील और भावुक क्षण भी आया, जब विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के महानायक शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट के परिजनों (पुत्री प्रिया खोण्डे और भाई प्रभाकर खोण्डे) से मंच पर बेहद आत्मीयता के साथ मुलाकात की। उन्होंने परिजनों का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया और उनका कुशलक्षेम जाना।
अपने तय प्रवास कार्यक्रम के तहत डॉ. रमन सिंह सबसे पहले भाटापारा के नव-घोषित छत्तीसगढ़ महतारी चौक पहुंचे। वहां उन्होंने नवनिर्मित छत्तीसगढ़ महतारी की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। विधानसभा अध्यक्ष ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर एवं पारंपरिक विधि-विधान और वैदिक मंत्रोचार के बीच पूजा-अर्चना की। उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी के चरणों में वंदन करते हुए राज्य की सुख, समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की। इस चौक के सौंदर्याकरण से भाटापारा शहर की सांस्कृतिक पहचान को एक नया आयाम मिला है।
इसके पश्चात विधानसभा अध्यक्ष भाटापारा स्थित शहीद श्रीकृष्ण गजानन खोण्डे परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मण्डल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा और डॉ. सनम जांगड़े उपस्थित थे। स्थानीय प्रशासन की ओर से जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, बलौदाबाजार कलेक्टर कुलदीप शर्मा, पुलिस अधीक्षक ओपी शर्मा सहित भारी संख्या में गणमान्य नगरवासी उपस्थित रहे।