रायपुर, 7 सितंबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी की तैयारियों को लेकर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयालदास बघेल ने मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में धान खरीदी, कस्टम मिलिंग, चावल भंडारण, किसान पंजीयन और खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
मंत्री ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के कस्टम मिलिंग चावल के उपार्जन की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। भारतीय खाद्य निगम और नागरिक आपूर्ति निगम में चावल के उठाव और उपार्जन की प्रक्रिया को तेज करने के साथ सितंबर और अक्टूबर 2026 के दौरान चावल का समयबद्ध भंडारण एवं वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की तैयारियों के तहत धान खरीदी केंद्रों पर पर्याप्त बारदानों की व्यवस्था करने और नए खरीदी केंद्रों में सभी जरूरी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने शेष किसानों का एग्रीस्टैक पंजीयन जल्द पूरा कराने पर भी जोर दिया, ताकि धान खरीदी के समय किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो।
बैठक में खरीदी केंद्रों और संग्रहण केंद्रों पर होने वाली शॉर्टेज को कम करने के उपायों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को व्यवस्था में सुधार करते हुए नुकसान और कमी की मात्रा को न्यूनतम रखने के निर्देश दिए।
गोदाम निर्माण में तेजी के निर्देश
दयालदास बघेल ने राज्य भंडार गृह निगम के अंतर्गत निर्माणाधीन गोदामों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और भंडारण क्षमता को मजबूत करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नापतौल विभाग की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए धान खरीदी शुरू होने से पहले सभी धरमकांटों का सत्यापन कराने को कहा।
बैठक में खाद्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जिला खाद्य नियंत्रक, खाद्य अधिकारी, जिला विपणन अधिकारी, नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक, राज्य भंडार गृह निगम के प्रबंधक और नापतौल विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान सिटी गैस वितरण योजना से संबंधित विभागीय वेबसाइट का शुभारंभ भी किया गया।