BREAKING

Animal Management News: छत्तीसगढ़ में आवारा पशु और कुत्तों का होगा डिजिटल पंजीयन, भारत पशुधन पोर्टल पर दर्ज होगी पूरी जानकारी

Share:

रायपुर। शहरों में आवारा पशुओं और कुत्तों के बढ़ते प्रबंधन को व्यवस्थित करने के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने नई पहल शुरू की है। अब नगरीय क्षेत्रों में घूमने वाले आवारा पशुओं और आवारा कुत्तों का पंजीयन भारत पशुधन पोर्टल पर किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश के सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

विभाग की ओर से जारी निर्देशों के मुताबिक, केंद्र सरकार के मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय के पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने शहरी क्षेत्रों में आवारा पशुओं और कुत्तों के पंजीयन के लिए भारत पशुधन पोर्टल तैयार किया है। इसका उद्देश्य शहरों में आवारा पशुओं से संबंधित जानकारी को डिजिटल रूप से दर्ज कर उनके प्रबंधन को अधिक व्यवस्थित बनाना है।

ABC सेंटर की भी होगी डिजिटल मैपिंग

इस व्यवस्था के तहत Animal Birth Control (ABC) Centers की मैपिंग भी भारत पशुधन पोर्टल पर की जाएगी। नगरीय निकायों में संचालित पशु जन्म नियंत्रण केंद्रों की जानकारी पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए संबंधित जिला पशु चिकित्सक से समन्वय कर जरूरी कार्रवाई पूरी करने को कहा गया है।

नसबंदी और वैक्सीनेशन का रिकॉर्ड भी होगा दर्ज

पोर्टल पर केवल आवारा पशुओं की संख्या या पहचान से जुड़ी जानकारी ही नहीं, बल्कि उनके प्रबंधन से संबंधित गतिविधियों का रिकॉर्ड भी तैयार किया जाएगा। नसबंदी और वैक्सीनेशन जैसी कार्रवाई की जानकारी दर्ज होने से संबंधित निकायों को पशु नियंत्रण कार्यक्रम की निगरानी में सुविधा मिलेगी।

शहरों में आवारा पशु प्रबंधन होगा व्यवस्थित

नई डिजिटल व्यवस्था के जरिए नगरीय क्षेत्रों में आवारा पशुओं और कुत्तों से संबंधित जानकारी एक स्थान पर उपलब्ध हो सकेगी। इससे पशु जन्म नियंत्रण कार्यक्रम की निगरानी, ABC सेंटरों की स्थिति और किए गए कार्यों का रिकॉर्ड रखने में मदद मिलने की उम्मीद है। नगरीय निकायों को निर्देशों के अनुसार संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर पंजीयन और मैपिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ाने को कहा गया है।

Share: