बिलासपुर/कटघोरा। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर और कोरबा जिले में मंगलवार सुबह अलग-अलग जलस्रोतों से दो शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बिलासपुर के पेंडारी स्थित मुरूम खदान के तालाब में एक अज्ञात महिला का शव मिला, जबकि कोरबा के नवकोनिया तालाब में एक अज्ञात युवक का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बिलासपुर में मुरूम खदान के तालाब में महिला का शव
सकरी थाना क्षेत्र के पेंडारी गांव में स्थित मुरूम खदान के तालाब में ग्रामीणों ने महिला का शव तैरता देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। महिला की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पहचान और मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
कोरबा के नवकोनिया तालाब में मिला युवक का शव
दूसरी घटना पाली थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग के पास स्थित नवकोनिया तालाब की है। मंगलवार सुबह राहगीरों की नजर तालाब में तैरते शव पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और जांच शुरू की।
शव से दुर्गंध आने के कारण पुलिस ने युवक की मौत करीब दो-तीन दिन पहले होने की आशंका जताई है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। घटनास्थल के पास एक मोटरसाइकिल भी लावारिस हालत में मिली है, जिसे पुलिस संभावित रूप से मृतक से जोड़कर जांच कर रही है।
पहचान और मौत की वजह पता लगाने में जुटी पुलिस
दोनों मामलों में पुलिस फिलहाल मृतकों की पहचान और मौत की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। कोरबा में युवक की पहचान के लिए आसपास के गांवों में सूचना प्रसारित की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी