रायपुर, 8 सितंबर 2026। केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना दंतेवाड़ा जिले में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ लोगों के बिजली खर्च को कम करने में मदद कर रही है। बड़े तुमनार निवासी और मोफलनार माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक कैलाश कुमार देवांगन योजना का लाभ लेकर अपने गांव के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बने हैं।
गांव के पहले हितग्राही, छत पर लगाया 3 किलोवाट का सोलर प्लांट
कैलाश कुमार देवांगन ने मार्च 2026 में योजना का लाभ लेते हुए अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित कराया। वे अपने गांव में इस योजना का लाभ लेने वाले पहले हितग्राही बने।
उन्होंने बताया कि सोलर प्लांट लगने से पहले चार सदस्यीय परिवार की करीब 200 यूनिट मासिक बिजली खपत होती थी और 1,000 से 1,200 रुपये तक का बिजली बिल आता था। सोलर सिस्टम लगने के बाद उनका बिजली बिल शून्य हो गया है।
सब्सिडी ने आसान किया सौर ऊर्जा अपनाने का रास्ता
शिक्षकों की बैठक के दौरान कैलाश को मार्च में पीएम सूर्य घर योजना की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने योजना का लाभ लेने का निर्णय लिया। उनका कहना है कि सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी आम परिवारों के लिए सोलर प्लांट लगाना आसान बनाती है।
कैलाश ने अन्य लोगों से भी योजना का लाभ उठाने और अपने बिजली खर्च को कम करने की अपील की है।
बिजली बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी लाभ
कैलाश देवांगन के अनुसार सौर ऊर्जा केवल बिजली के खर्च में बचत का माध्यम नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। बिजली की बढ़ती मांग और भविष्य में बढ़ते खर्च को देखते हुए सौर ऊर्जा को उन्होंने टिकाऊ विकल्प बताया।
जिला प्रशासन और विद्युत विभाग की ओर से भी जिले के नागरिकों को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जुड़कर स्वच्छ ऊर्जा अपनाने और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।