रायपुर, 9 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में नगर तथा ग्राम निवेश विभाग के 21 नवचयनित सहायक संचालकों (योजना) को नियुक्ति पत्र सौंपे। राज्य गठन के बाद पहली बार विभाग में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में सहायक संचालकों की नियुक्ति हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य के छत्तीसगढ़ के शहरों और कस्बों को आकार देने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी अब युवा टाउन प्लानर्स के कंधों पर है।
मुख्यमंत्री ने नवचयनित अधिकारियों और उनके परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि शहरों का विकास केवल आज की जरूरतों को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की आवश्यकताओं के अनुरूप किया जाना चाहिए। तेजी से बढ़ते शहरीकरण को देखते हुए आवासीय क्षेत्रों, व्यावसायिक गतिविधियों, सड़कों, परिवहन, सार्वजनिक स्थलों, जल निकासी और नागरिक सुविधाओं के लिए वैज्ञानिक एवं दीर्घकालीन योजना जरूरी है।
Town Planning: 25 साल में 17 नियुक्तियां, अब एक साथ 21 अधिकारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के गठन के 25 वर्षों में नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में कुल 17 सहायक संचालकों की नियुक्ति हुई थी, जबकि अब एक साथ 21 युवा अधिकारियों को नियुक्ति दी गई है। इससे विभाग की कार्यक्षमता और प्रोफेशनल क्षमता को मजबूती मिलेगी तथा प्रदेश में तेजी से हो रहे शहरीकरण को व्यवस्थित दिशा देने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि टाउन प्लानिंग सिर्फ नक्शे बनाने या भू-उपयोग निर्धारित करने तक सीमित नहीं है। इसका सीधा संबंध नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता और शहरों के भविष्य से है। बेहतर नियोजन से नागरिक सुविधाएं आसानी से उपलब्ध होती हैं और अनियोजित शहरी विस्तार से पैदा होने वाली समस्याओं को पहले ही रोका जा सकता है।
जनहित और पारदर्शिता को दें सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने नवचयनित अधिकारियों से कहा कि शासकीय सेवा जनता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारियों के प्रत्येक निर्णय का असर आम नागरिकों के जीवन पर पड़ता है, इसलिए काम में ईमानदारी, निष्ठा, संवेदनशीलता और पारदर्शिता को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि आम नागरिक को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को नियमों और प्रक्रियाओं का पालन करते हुए नागरिक सुविधा तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी। उन्होंने युवाओं से अपनी तकनीकी शिक्षा, आधुनिक ज्ञान और नवाचार का उपयोग प्रदेश के बेहतर नियोजन में करने का आह्वान किया।
Vision 2047 के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में छत्तीसगढ़ की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य सरकार ने आने वाले वर्षों के विकास की दिशा तय करते हुए ‘छत्तीसगढ़ अंजोर : विजन 2047’ तैयार किया है।
उन्होंने कहा कि सरकार ऐसा छत्तीसगढ़ बनाने की दिशा में काम कर रही है, जहां आधुनिक अधोसंरचना, बेहतर नागरिक सुविधाएं और युवाओं के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध हों। विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए शासन-प्रशासन के साथ युवाओं और प्रदेश के नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है।
Government Jobs: ढाई साल में 15 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पिछले ढाई वर्षों में विभिन्न विभागों में 15 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी गई हैं। पुलिस विभाग में 7 हजार से अधिक, शिक्षा विभाग में 3 हजार से अधिक और बिजली विभाग में 1200 से अधिक पदों पर नियुक्तियों की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है।
उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए अवसर केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं हैं। औद्योगिक विकास नीति, रोजगार मेलों, निजी क्षेत्र, स्वरोजगार और उद्यमिता के माध्यम से भी रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
पारदर्शी भर्ती के बाद पारदर्शी कार्यशैली की जिम्मेदारी
वित्त तथा आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के लिए सुनियोजित शहरीकरण बेहद जरूरी है। शहरों और शहरी आबादी के विस्तार को देखते हुए भविष्य की जरूरतों का पहले से आकलन कर आधुनिक टाउन प्लानिंग की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस बार एक साथ 21 सहायक संचालकों की नियुक्ति से विभाग की प्रोफेशनल क्षमता बढ़ेगी। भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष रही है, इसलिए अब अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे इसी पारदर्शिता और ईमानदारी को अपनी कार्यशैली का हिस्सा बनाएं।
वन मंत्री केदार कश्यप ने भी नवचयनित अधिकारियों और उनके परिजनों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी के अधिकारियों का ज्ञान, ऊर्जा और आधुनिक दृष्टिकोण विभाग की कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में विभागीय सचिव अंकित आनंद, आयुक्त अवनीश शरण सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, नवचयनित सहायक संचालक और उनके परिजन मौजूद रहे।