BREAKING

Raipur Ganesh Pandal News: सड़क पर गणेश पंडाल लगाने पर निगम की समझाइश, समितियों से मांगी अनुमति और NOC की जानकारी

Share:

रायपुर। गणेश उत्सव के दौरान सड़क पर पंडाल लगाए जाने को लेकर रायपुर नगर निगम जोन 6 ने कार्रवाई शुरू कर दी है। संतोषी नगर मार्ग, नया एवं पुराना धमतरी रोड तथा टिकरापारा चौक के पास सड़क पर गणेश पंडाल लगाए जाने की जानकारी मिलने पर जोन 6 के अधिकारी मौके पर पहुंचे और संबंधित गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों से चर्चा की।

सड़क पर पंडाल नहीं लगाने की दी समझाइश

जोन 6 के अधिकारियों ने गणेश उत्सव समितियों को सड़क पर पंडाल नहीं लगाने की समझाइश दी। अधिकारियों ने कहा कि उत्सव के दौरान यातायात और आम नागरिकों की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए निर्धारित नियमों का पालन करना आवश्यक है।

अनुमति और NOC की जानकारी मांगी

नगर निगम अधिकारियों ने समितियों के पदाधिकारियों से गणेश पंडाल लगाने के लिए ली गई अनुमति और आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) की जानकारी मांगी। अधिकारियों ने राज्य शासन, जिला प्रशासन और संबंधित दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा।

पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में हुई चर्चा

यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश और जोन 6 जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में की गई। मौके पर कार्यपालन अभियंता दिनेश सिन्हा, उप अभियंता सागर ठाकुर, अंकुर अग्रवाल सहित पुलिस कमिश्नरेट के संबंधित जोन क्षेत्र के अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने गणेश उत्सव समितियों से नियमों का पालन करते हुए पंडाल लगाने और आयोजन के दौरान सार्वजनिक मार्गों पर किसी तरह की बाधा उत्पन्न नहीं करने की अपील की।

Share: