रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरुवार को कई मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने RDA जमीन विवाद, LPG और दूध के बढ़ते दाम, आयुष्मान योजना में कार्रवाई, नगर निगम में अधिकारियों और महापौर के बीच विवाद, महानदी जल विवाद और धर्मांतरण जैसे मुद्दे उठाए। इस दौरान उन्होंने मंत्री केदार कश्यप को लेकर पुराने परीक्षा प्रकरण का भी जिक्र किया और कई आरोप लगाए।
RDA जमीन मामले में केदार कश्यप पर निशाना
RDA की जमीन को लेकर पूछे गए सवाल पर भूपेश बघेल ने मंत्री केदार कश्यप का जिक्र करते हुए पुराने परीक्षा प्रकरण को उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान केदार कश्यप की पत्नी की जगह किसी अन्य महिला के परीक्षा देने का मामला सामने आया था और बाद में उसे कथित तौर पर ले-देकर रफा-दफा कर दिया गया। बघेल ने कहा कि एक मामले से मुश्किल से निकलने के बाद दूसरा मामला सामने आ गया। उन्होंने सवाल किया कि हर बार केदार कश्यप से जुड़े विवाद क्यों सामने आते हैं।
LPG और दूध के बढ़ते दामों पर सवाल
भूपेश बघेल ने LPG और दूध की बढ़ती कीमतों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने महंगाई को लेकर सरकार से सवाल करते हुए कहा कि आम लोगों पर लगातार बढ़ती कीमतों का असर पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से महंगाई के मुद्दे पर जवाब देने की मांग की।
आयुष्मान योजना में कार्रवाई को लेकर सवाल
आयुष्मान योजना के तहत अस्पतालों पर की जा रही कार्रवाई को लेकर भी बघेल ने सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि यदि योजना के संचालन में अनियमितताओं को लेकर कार्रवाई की जा रही है, तो सरकार ने पिछले वर्षों में इस संबंध में क्या कदम उठाए थे। उन्होंने कार्रवाई की प्रक्रिया और उसके आधार को लेकर सरकार से स्पष्टीकरण मांगा।
नगर निगम विवाद और महानदी जल विवाद का मुद्दा
नगर निगम में अधिकारियों और महापौर के बीच चल रहे विवाद को लेकर भी पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार की भूमिका पर सवाल उठाए। इसके अलावा महानदी जल विवाद का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री से छत्तीसगढ़ के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रभावी कदम उठाने की बात कही।
धर्मांतरण के मुद्दे पर भी सरकार से जवाब मांगा
भूपेश बघेल ने धर्मांतरण के मुद्दे पर भी सरकार से सवाल किए। उन्होंने कहा कि इस विषय को लेकर समाज में चर्चा और चिंता बनी हुई है। उन्होंने सरकार से इस मामले में उठाए जा रहे कदमों और उसकी नीति को स्पष्ट करने की मांग की।