BREAKING

बस्तर ओलिंपिक 2025: महिला सशक्तीकरण की नई इबारत, माओवादी रामदेर समर्पण की तैयारी में

Share:

जगदलपुर: बस्तर की धरती पर इस बार महिला सशक्तीकरण की नई कहानी लिखी जा रही है। बहुप्रतीक्षित बस्तर ओलिंपिक 2025 में पुरुषों से 63,961 अधिक महिलाओं ने पंजीयन कराया है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने शुक्रवार को बताया कि इस वर्ष 3,91,297 प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया है, जिसमें 2,27,629 महिलाएं और 1,63,668 पुरुष शामिल हैं। यह संख्या विगत वर्ष की 81,926 महिला खिलाड़ियों की तुलना में ढाई गुना से अधिक है। इस रिकॉर्ड वृद्धि को बस्तर में सिकुड़ती माओवादी हिंसा का परिणाम माना जा रहा है।

शीर्ष माओवादी रामदेर भी करेगा समर्पण

बस्तर ओलिंपिक के उत्साह के बीच एक बड़ी खबर यह भी है कि शीर्ष माओवादी हिंसक पोलित ब्यूरो सदस्य भूपति और केंद्रीय समिति सदस्य रूपेश के बाद, केंद्रीय समिति सदस्य रामदेर ने भी समर्पण के लिए सुरक्षा बल के शीर्ष अधिकारियों से संपर्क साधा है। उम्मीद है कि करीब 50 सशस्त्र माओवादियों के साथ रामदेर जल्द ही आत्मसमर्पण करेगा।ओलिंपिक का विवरण:

कुल प्रतिभागी: 3,91,297

महिला प्रतिभागी: 2,27,629

पुरुष प्रतिभागी: 1,63,668

पिछले वर्ष की तुलना में महिला वृद्धि: ढाई गुना से अधिक

पैरा खेल स्पर्धाएं और 'नुवा बाट'

इस वर्ष भी माओवादी हिंसा के शिकार हुए लोग और दिव्यांग खिलाड़ी पैरा खेल स्पर्धाओं के माध्यम से सक्रिय भागीदारी करेंगे। पिछले साल बस्तर ओलिंपिक में आत्मसर्पण कर चुके माओवादियों को नया नाम 'नुवा बाट' (नया रास्ता) दिया गया था।

11 खेलों का होगा आयोजन

ओलिंपिक में 11 पारंपरिक और आधुनिक खेलों को शामिल किया गया है, जिनमें तीरंदाजी, एथलेटिक, कबड्डी, बैडमिंटन, फुटबाल, हॉकी, कराते, वेटलिफ्टिंग, खोखो, वालीबाल और रस्साकसी शामिल हैं।संभाग स्तरीय स्पर्धाओं में बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा और नारायणपुर के विजेता खिलाड़ी भाग लेंगे।

समापन समारोह में शामिल हो सकते हैं अमित शाह

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि बस्तर ओलिंपिक के समापन समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शामिल हो सकते हैं। ज्ञात हो कि वर्ष 2024 में आयोजित प्रथम बस्तर ओलिंपिक ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई थी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' कार्यक्रम में इसकी प्रशंसा करते हुए इसे देश का अनूठा ओलिंपिक बताया था।


Share: