सरगुजा। अंबिकापुर जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतका के मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान सीमा यादव के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब चार वर्ष पहले देवगढ़ निवासी सतीश यादव से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, सास, ससुर और देवर द्वारा उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
बताया जा रहा है कि प्रताड़ना से परेशान होकर सीमा ने गांव के पास एक पेड़ पर फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति भी बन गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।