रायपुर: देश को पोलियो की बीमारी से हमेशा के लिए सुरक्षित रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत राजधानी रायपुर में बच्चों को सुरक्षा चक्र देने का कार्य किया गया। इसी कड़ी में रायपुर नगर पालिक निगम के जोन क्रमांक 09 के अंतर्गत आने वाले पंडित मोतीलाल नेहरू वार्ड क्रमांक 09 में पल्स पोलियो ड्रॉप्स पिलाने के विशेष सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जोन 9 के अध्यक्ष और स्थानीय पार्षद श्री गोपेश साहू ने खुद मौजूद रहकर वार्ड के नन्हे-मुन्ने बच्चों को 'दो बूंद जिंदगी की' पिलाई और उनके दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना की।
बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के बाद 'सर्वे संतु निरामया' (सभी रोगमुक्त और स्वस्थ रहें) के मंत्र के साथ वार्ड वासियों को जागरूक किया गया। इस मौके पर जोन अध्यक्ष गोपेश साहू ने उपस्थित परिजनों और नागरिकों को संबोधित करते हुए एक संकल्प भी दिलाया। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। आपकी एक छोटी सी जागरूकता और समय पर उठाया गया कदम बच्चों को अपंगता जैसी गंभीर बीमारी से बचाकर एक बेहतर और खुशहाल जीवन दे सकता है।
पार्षद गोपेश साहू ने रायपुर के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि, "आइए हम सब मिलकर यह दृढ़ संकल्प लें कि 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को समय पर पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएंगे। सामूहिक प्रयासों और जन-जागरूकता के बल पर ही हम सब मिलकर भारत को पूरी तरह से पोलियो-मुक्त बनाए रख सकते हैं।" इस अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और वार्ड के सम्मानित नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिन्होंने घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाने के कार्य में अपना योगदान दिया।