BREAKING

BOCW National Conference News: मुंबई में निर्माण श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन, कल्याणकारी योजनाओं पर मंथन

Share:

रायपुर, 12 सितंबर 2026। भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकारों (BOCW) के कल्याण, सामाजिक सुरक्षा और श्रमिक हितों को मजबूत बनाने के उद्देश्य से मुंबई में दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। 11 और 12 सितंबर को आयोजित इस सम्मेलन में निर्माण श्रमिकों के सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर भविष्य को लेकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हो रही है।

सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, केंद्रीय राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे, मध्यप्रदेश के श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और छत्तीसगढ़ के श्रम सचिव हिम शिखर गुप्ता समेत विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हुए।

छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल भी शामिल

सम्मेलन में छत्तीसगढ़ की ओर से भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह और मंडल सचिव गिरीश रामटेके ने प्रतिनिधित्व किया। बैठक में निर्माण श्रमिकों के लिए संचालित योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों को अधिक प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया गया।

योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर जोर

राष्ट्रीय सम्मेलन में विभिन्न राज्यों ने श्रमिक हित में लागू की गई कल्याणकारी योजनाओं, बेहतर कार्यप्रणालियों और नए नवाचारों के अनुभव साझा किए। साथ ही यह भी मंथन किया जा रहा है कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक निर्माण श्रमिकों तक सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचाया जा सके।

सम्मेलन में भविष्य की रणनीतियों और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी चर्चा हो रही है। निर्माण श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को अधिक सुलभ, प्रभावी और मजबूत बनाने की दिशा में इस आयोजन को महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Share: