रायपुर: भारत सरकार के आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री व छत्तीसगढ़ से केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल एकमात्र मंत्री श्री तोखन साहू एवं रायपुर ग्रामीण के क्षेत्रीय विधायक श्री मोतीलाल साहू रविवार को कबीर नगर, रायपुर पहुंचे। दोनों जनप्रिय नेता देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 135वें एपिसोड के सामूहिक श्रवण कार्यक्रम में सम्मिलित होने आए थे। कबीर नगर आगमन पर 'मोरमाटी सांस्कृतिक संगठन' द्वारा दोनों ही शीर्ष जनप्रतिनिधियों का अभूतपूर्व और गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
कबीर नगर में आयोजित इस स्वागत समारोह में 'मोरमाटी सांस्कृतिक संगठन' के पुरुष एवं महिला प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने केंद्रीय मंत्री श्री तोखन साहू और विधायक श्री मोतीलाल साहू का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय अभिनंदन किया। संगठन की ओर से छत्तीसगढ़ की पारंपरिक रीती-नीति से दोनों नेताओं का सम्मान किया गया और समाज, क्षेत्र व प्रदेश के विकास में उनके निरंतर योगदान की सराहना की गई।
सामुदायिक भवन में गूंजी 'मन की बात'
भव्य स्वागत और अभिनंदन के पश्चात केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू एवं क्षेत्रीय विधायक श्री मोतीलाल साहू कबीर नगर स्थित सामुदायिक भवन पहुंचे। यहाँ आयोजित विशेष कार्यक्रम में उन्होंने स्थानीय पार्षद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम का 135वां संस्करण सुना।
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी द्वारा राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भर भारत और महिला सशक्तिकरण जैसे गंभीर व महत्वपूर्ण विषयों पर साझा किए गए विचारों को कबीर नगर के रहवासियों ने बेहद उत्साहपूर्वक सुना। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों और संगठन के सदस्यों ने प्रधानमंत्री के इन प्रेरणादायी संदेशों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और राष्ट्रहित में काम करने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर मोरमाटी संगठन के संरक्षक, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति और युवा सदस्य उपस्थित रहे।