BREAKING

बारनवापारा अभयारण्य के ग्राम बार ने पेश की मिसाल, ग्राम सभा ने सर्वसम्मति से चुना स्वैच्छिक विस्थापन

Share:

कसडोल। छत्तीसगढ़ के बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य के बीच बसे ग्राम बार ने ऐसा फैसला लिया है, जो वन्यजीव संरक्षण और सामुदायिक भागीदारी की मिसाल बन सकता है। देशभर में विस्थापन को लेकर होने वाले विवादों के बीच गांव के लोगों ने ग्राम सभा में सर्वसम्मति से स्वैच्छिक विस्थापन का प्रस्ताव पारित कर पुनर्वास के लिए सहमति जताई।

ग्रामीणों ने निर्णय लिया कि वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास के संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य को देखते हुए वे स्वेच्छा से अभयारण्य क्षेत्र से बाहर पुनर्वास के लिए तैयार हैं। ग्रामीणों का मानना है कि इस कदम से जहां वन्यजीवों के संरक्षण को मजबूती मिलेगी, वहीं उन्हें नए स्थान पर बेहतर आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं के साथ सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर भी मिलेगा।

प्रशासन के अनुसार पुनर्वास की पूरी प्रक्रिया ग्रामीणों की सहमति और निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित की जाएगी। ग्राम बार का यह निर्णय मानव और वन्यजीवों के बीच संतुलन स्थापित करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है और अन्य संवेदनशील वन क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण बन सकता है।

Share: