मानसून की पहली तेज बारिश ने डोंगरगढ़ नगर पालिका की तैयारियों की पोल खोल दी। शहर के केदारबाड़ी, कालकापारा, टिकरापारा और रेलवे चौक सहित कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
सबसे अधिक प्रभावित केदारबाड़ी क्षेत्र रहा, जहां बारिश का पानी कई घरों में घुस गया। जलभराव के कारण स्थानीय लोगों को दैनिक कार्यों में परेशानी उठानी पड़ी और क्षेत्र में लंबे समय तक पानी जमा रहने से स्थिति और गंभीर हो गई।
स्थानीय लोगों ने जल निकासी व्यवस्था को लेकर नगर पालिका की तैयारियों पर सवाल उठाए हैं। नागरिकों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान ऐसी स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।