BREAKING

हज 2027 के ऑनलाइन आवेदन शुरू: छत्तीसगढ़ हज कमेटी ने रायपुर में शुरू किया निःशुल्क ई-सुविधा केंद्र

Share:

रायपुर। हज 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। हज यात्रियों की सुविधा के लिए छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी ने रायपुर के मुखर्जी बड़ा, बैरन बाजार स्थित कार्यालय में निःशुल्क ई-हज सुविधा केंद्र शुरू किया है, जहां इच्छुक आवेदकों के ऑनलाइन आवेदन बिना किसी शुल्क के भरे जा रहे हैं।

छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के चेयरमैन मिर्ज़ा एजाज़ बेग ने बताया कि कई लोगों को ऑनलाइन आवेदन भरने में कठिनाई होती है। इसे ध्यान में रखते हुए यह विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई है, ताकि सभी इच्छुक यात्री समय सीमा के भीतर आसानी से आवेदन कर सकें।

20 जुलाई तक आवेदन, वैध पासपोर्ट जरूरी

हज कमेटी ऑफ इंडिया के अनुसार हज 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन करने वाले सभी अभ्यर्थियों के पास 31 दिसंबर 2027 तक वैध पासपोर्ट होना अनिवार्य है।

विशेष काउंटर से मिलेगी निःशुल्क सहायता

हज कमेटी कार्यालय में आवेदन के लिए विशेष काउंटर बनाया गया है, जहां आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर आवेदक निःशुल्क ऑनलाइन आवेदन भरवा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए आवेदक छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी कार्यालय, मुखर्जी बड़ा, बैरन बाजार, रायपुर या दूरभाष 0771-4266646 पर संपर्क कर सकते हैं।

Share: