अंबिकापुर। उत्तर छत्तीसगढ़ में मानसून की पहली तेज बारिश ने सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अंबिकापुर-रामानुजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर बलरामपुर जिले के पस्ता के पास पुलिया निर्माण के लिए बनाया गया डायवर्सन मंगलवार तड़के अचानक धंस गया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
डायवर्सन धंसने के दौरान एक ट्रेलर का पहिया गड्ढे में फंस गया। इसके बाद मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यात्रियों और वाहन चालकों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी की टीम मौके पर पहुंची। मार्ग को जल्द बहाल करने के लिए ट्रेलर हटाने और डायवर्सन की मरम्मत का कार्य शुरू किया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहली ही तेज बारिश में डायवर्सन का धंस जाना निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। लोगों ने मामले की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।