रायपुर। राजधानी रायपुर में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर नगर निगम के जोन-2 की टीम ने पंडरी कपड़ा बाजार स्थित प्रकाश होलसेल मार्केट में नाले पर बने करीब 100 वर्गफीट के अवैध पाटे को जेसीबी की मदद से हटाया।
नगर निगम के अनुसार, प्रकाश साड़ी के प्रोपराइटर मदन लोढ़ा द्वारा दुकान के सामने नाले पर अवैध रूप से पाटा बनाकर कब्जा कर लिया गया था। इससे नाले की सफाई प्रभावित हो रही थी और दुर्गानगर बस्ती में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या लगातार बनी हुई थी।
जल निकासी होगी बेहतर
नगर निगम ने बताया कि अवैध निर्माण हटने से नाले की सफाई में आ रही बाधा दूर हो गई है। इससे बारिश के दौरान पानी की निकासी बेहतर होगी और दुर्गानगर क्षेत्र के लोगों को जलभराव से राहत मिलने की उम्मीद है।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता पी. डी. धृतलहरे, उप अभियंता अंजलि बारले, जोन स्वास्थ्य अधिकारी रवि लावनिया सहित नगर निगम के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। निगम ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक हित और जनस्वास्थ्य को प्रभावित करने वाले अवैध कब्जों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।