रायपुर। रायपुर नगर निगम के जोन-1 में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए अनुग्रह रेसिडेंसी और साम्राज्य रेसिडेंसी में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा। यह निर्णय जोन अध्यक्ष गज्जू साहू की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया गया।
बैठक में तय किया गया कि घरों से गीला और सूखा कचरा अलग-अलग एकत्र किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति मिक्स कचरा देगा तो उसके खिलाफ नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा।
झुग्गी बस्तियों में भी पहुंचेगी कचरा संग्रहण सेवा
नगर निगम ने निर्णय लिया है कि रामकी कंपनी के माध्यम से झुग्गी-बस्ती क्षेत्रों में व्हील विंग की सहायता से प्रतिदिन डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण कराया जाएगा। साथ ही व्यवसायिक क्षेत्रों में भी नियमित रूप से कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जाएगा।
कचरा गाड़ियों का तय होगा समय
बैठक में नागरिकों की सुविधा के लिए प्रत्येक वार्ड में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों का निश्चित समय तय करने का भी निर्णय लिया गया। जोन कमिश्नर ने अधिकारियों को सभी पार्षदों को रूट प्लान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
खमतराई बाजार में लगेगा बड़ा डस्टबिन
जोन कमिश्नर अंशुल शर्मा ने जोन स्वास्थ्य अधिकारी को खमतराई बाजार में बड़े आकार का डस्टबिन लगाने और नागरिकों व व्यापारियों को उसका उपयोग करने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों को पहले समझाइश देने और इसके बाद भी नियम नहीं मानने पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।
बैठक में एमआईसी सदस्य नंदकिशोर साहू, पार्षद डॉ. मनमोहन मनहरे, अंबिका साहू, राजेश देवांगन, परमिला साहू, सोहन साहू, जोन स्वास्थ्य अधिकारी खेमलाल देवांगन सहित निगम अधिकारी और स्वच्छता कर्मी उपस्थित रहे।