रायपुर। बिरगांव नगर निगम क्षेत्र की एक मां के लिए चार साल का लंबा इंतजार उस समय खत्म हुआ, जब उनका लापता बेटा पप्पू सुरक्षित घर लौट आया। वार्ड क्रमांक 25 निवासी श्रीमती मधु ध्रुव ने जैसे ही अपने बेटे को देखा, उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।
एमआईसी सदस्य एवं लोक निर्माण विभाग के प्रभारी इकराम अहमद ने बताया कि पप्पू वर्ष 2022 से लापता था। 7 जुलाई 2026 को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद रेलवे पुलिस से सूचना मिली कि एक युवक चलती ट्रेन से गिरकर घायल हो गया है और जिला अस्पताल में भर्ती है। युवक अपना पता बिरगांव, रायपुर बता रहा था।
सूचना मिलते ही बिरगांव क्षेत्र के विभिन्न व्हाट्सएप समूहों के माध्यम से युवक की पहचान और उसके परिजनों की तलाश शुरू की गई। प्रयास सफल रहे और पप्पू की मां एवं परिवार का पता चल गया। इसके बाद मामले की जानकारी महापौर नंदलाल देवांगन को दी गई।
महापौर के सहयोग से तत्काल एक निजी एम्बुलेंस की व्यवस्था कर परिजनों को मुरादाबाद भेजा गया। अस्पताल पहुंचकर परिजनों ने युवक की पहचान पप्पू के रूप में की और उसे अपने साथ सुरक्षित बिरगांव लेकर लौटे।
चार वर्षों बाद बेटे से मिलन का यह भावुक पल पूरे परिवार के लिए अविस्मरणीय बन गया। नगर निगम और जनप्रतिनिधियों की त्वरित पहल से एक बिछड़ा परिवार फिर से एकजुट हो सका। इकराम अहमद ने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयास से एक मां को उसकी खोई हुई खुशियां वापस मिल सकीं।