BREAKING

CG Shala Pravesh Utsav: नए सत्र के पहले दिन बच्चों का आत्मीय स्वागत; मंत्री राजेश अग्रवाल ने स्वामी आत्मानंद स्कूल उदयपुर में बांटी मिठाई और किताबें

Share:

रायपुर/उदयपुर, 11 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही स्कूलों में रौनक लौट आई है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने आज सरगुजा संभाग के उदयपुर स्थित स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट अंग्रेजी माध्यम स्कूल (SAGES) में आयोजित विकासखंड स्तरीय 'शाला प्रवेश उत्सव' में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। उन्होंने स्कूल की दहलीज पर कदम रखने वाले नवप्रवेशी नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और माला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। मंत्री ने बच्चों को अपने हाथों से मिठाई खिलाकर उनके नवीन शैक्षणिक जीवन की शुभ शुरुआत कराई तथा निशुल्क पाठ्य पुस्तकें और अध्ययन सामग्री भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं की।

शिक्षा ही आत्मनिर्भर समाज की असली आधारशिला: राजेश अग्रवाल

उत्सव में उपस्थित शिक्षक अमले, अभिभावकों और बच्चों को संबोधित करते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल ने शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया:

"छत्तीसगढ़ के हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिक्षा केवल किताबी ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह एक सशक्त, आत्मनिर्भर और संस्कारित समाज के निर्माण की आधारशिला है। हमारी सरकार ऐसा वातावरण तैयार कर रही है, जहां सुदूर वनांचल का प्रत्येक विद्यार्थी भी अपनी प्रतिभा को निखारते हुए अपने सपनों को साकार कर सके।"

उन्होंने आगे कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और संपूर्ण व्यक्तित्व निर्माण की पवित्र पाठशाला है। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी लगन के साथ मन लगाकर अध्ययन करने, नियमित स्कूल आने और जीवन में हमेशा उच्च लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

मेधावी छात्र सम्मानित, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

प्रवेश उत्सव के दौरान स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति और शिक्षा पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसकी मंत्री ने मुक्त कंठ से सराहना की। कार्यक्रम में पिछले सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मंच पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया और उन्हें निरंतर उत्कृष्टता की ओर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया गया।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने नए शैक्षणिक सत्र के इस पावन अवसर पर सभी विद्यार्थियों, उनके माता-पिता और शिक्षकगण को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में परिवार और शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है और उनके सामूहिक प्रयासों से ही एक शिक्षित व जागरूक समाज का निर्माण संभव है।

इस गरिमामयी विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के आला अधिकारी, प्राचार्य, शिक्षक, पालक और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।

Share: