BREAKING

नेहरू पार्क में सरेआम युवती पर चाकू से जानलेवा हमला, वारदात के बाद बाइक से फरार हुआ आरोपी, हालत गंभीर

Share:

सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर शहर में आज शाम उस समय भारी सनसनी और हड़कंप मच गया, जब नगर के बीचों-बीच स्थित नेहरू पार्क में एक युवती पर सरेआम चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना उस वक्त हुई जब पार्क में लोगों की आवाजाही बनी हुई थी। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पार्क में मौजूद लोग दहशत में आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अज्ञात आरोपी ने पार्क के भीतर युवती को निशाना बनाते हुए उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी मौके पर खड़ी अपनी बाइक से तेजी से फरार होने में कामयाब रहा। लूलुहान हालत में युवती को तड़पता देख स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर नेहरू पार्क व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Share: