रायपुर/बीरगांव, 14 अगस्त 2026 : स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'हर घर तिरंगा' संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बीरगांव में मां बंजारी मंडल किसान मोर्चा (भाजपा बीरगांव) द्वारा भव्य तिरंगा बाइक रैली का सफल आयोजन किया गया। भारी बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के राष्ट्रप्रेम और उत्साह में कोई कमी देखने को नहीं मिली।
इस तिरंगा बाइक रैली में भाजपा किसान मोर्चा रायपुर के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश साहू तथा जिला उपाध्यक्ष राजू भैया विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मां बंजारी मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष नागेश साहू ने किया। रैली के दौरान डोमेश देवांगन, विपिन चौबे, भागवत साहू और नानकचन्द साहू सहित बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भारत माता के जयकारों के साथ पूरे क्षेत्र को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। आयोजकों द्वारा रैली के दौरान आम जनता की सुरक्षा और आवागमन की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मातृशक्ति की भी सशक्त भागीदारी रही, जिसमें नीलेश्वरी साहू, मीना साहू, पूर्णिमा साहू, प्रतिमा साहू, सरस्वती साहू, हेमलता देवांगन, मुन्नी साहू और भारती यादव सहित अनेक महिलाएं शामिल हुईं।
रैली के समापन पर मां बंजारी मंडल किसान मोर्चा के अध्यक्ष एवं स्थानीय पार्षद बेदराम साहू ने रैली को अनुशासित और भव्य रूप से सफल बनाने के लिए सभी वरिष्ठ नेताओं, किसान मोर्चा, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और मातृशक्ति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं के समर्पण को संगठन की वास्तविक शक्ति बताते हुए समस्त क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।