BREAKING

श्रमवीरों के परिश्रम और पसीने से हो रहा समृद्ध छत्तीसगढ़ का निर्माण : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

Share:

रायपुर, 17 सितंबर 2026। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर राजधानी रायपुर में राज्य स्तरीय श्रमिक महासम्मेलन का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्रमिकों को संबोधित करते हुए कहा कि श्रमिकों के परिश्रम और पसीने से छत्तीसगढ़ के विकास की नींव मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों का सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और उनके परिवारों के बेहतर भविष्य को सरकार प्राथमिकता दे रही है।

मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के हित में तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। शहरों में काम की तलाश में आने वाले श्रमिकों के लिए सर्वसुविधायुक्त आधुनिक श्रमिक सुविधा केंद्र बनाए जाएंगे। पंजीकृत श्रमिकों के लिए ई-बाइक सहायता योजना शुरू की जाएगी। वहीं, असंगठित क्षेत्र के रिक्शा चालकों को ई-रिक्शा खरीदने के लिए मिलने वाली सहायता राशि 50 हजार से बढ़ाकर 1 लाख रुपये करने की घोषणा की गई।

महासम्मेलन में विभिन्न श्रमिक कल्याण योजनाओं के तहत 1 लाख 43 हजार से अधिक श्रमिकों के बैंक खातों में 51 करोड़ 32 लाख रुपये से अधिक की सहायता राशि डीबीटी के जरिए अंतरित की गई। कार्यक्रम में 100 श्रमिक महिलाओं को ई-रिक्शा की चाबी भी सौंपी गई। मुख्यमंत्री ने ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही श्रमिक परिवार की प्रतिभाशाली बेटी मनिंदर कौर को लैपटॉप और 1.75 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। मनिंदर ने जेईई परीक्षा उत्तीर्ण कर एनआईटी सूरत में प्रवेश हासिल किया है और उसकी इंजीनियरिंग की पढ़ाई का खर्च श्रम विभाग उठाएगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने श्रमिक बहनों के साथ दोपहर का भोजन किया और उनके परिवार, कामकाज तथा बच्चों की पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। श्रमिक पंजीयन को आसान बनाने के लिए पीवीसी और क्यूआर कोड युक्त नए श्रमिक पंजीयन कार्ड का भी विमोचन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने हजारों श्रमिकों के साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ भी प्रज्ज्वलित किया। कार्यक्रम में श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और प्रदेशभर से आए श्रमिक मौजूद रहे।

Share: